टुटू में पार्किंग पर पुलिस का डंडा

By: Sep 12th, 2026 12:53 am

यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस ने बड़ी संख्या में हटाए वाहन
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला के टुटू क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सडक़ किनारे अनावश्यक रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस की टीम ने अभियान चलाकर सडक़ किनारे खड़े बड़ी संख्या में वाहनों को हटाया। डीएसपी ट्रैफिक चंद्र शेखर ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य सडक़ पर वाहनों की आवाजाही सुचारु करना और जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाना है। पुलिस के अनुसार टुटू में कई स्थानों पर वाहन सडक़ किनारे खड़े किए जाने से सडक़ की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है। व्यस्त समय में इससे यातायात की गति प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी बनती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने सडक़ किनारे खड़े वाहनों को हटाया।

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीमें क्षेत्र में नियमित निगरानी करेंगी और यातायात में बाधा डालने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि सडक़ किनारे पार्किंग से आपात स्थिति में एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को भी परेशानी हो सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और सडक़ किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में वाहन चालकों का सहयोग भी जरूरी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App