कल टैबलेट के जरिए होगी भर्ती परीक्षा, सीबीटी से टीबीटी में शिफ्ट होगा राज्य चयन आयोग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
हिमाचल में सरकारी भर्तियों के लिए राज्य चयन आयोग कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट से भी एक कदम आगे जाकर नया प्रयोग करने वाला है। अब टैबलेट बेस्ट टेस्ट की शुरुआत की जा रही है। 25 सितंबर को असिस्टेंट स्टाफ नर्स की भर्ती परीक्षा से राज्य चयन आयोग सीबीटी से टीबीटी में शिफ्ट होगा। पूरे प्रदेश में 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 752 पदों को भरने के लिए करीब 11000 आवेदन राज्य चयन आयोग को मिले हैं। इनका एग्जाम एक ही दिन में दो शिफ्टों में पूरा कर दिया जाएगा। टीबीटी आधारित परीक्षा के लिए आयोग की एजेंसी टाटा कंसल्टेंसी सर्विस ही सारा इंतजाम कर रही है। परीक्षा से पहले भी राज्य चयन आयोग की वेबसाइट पर टीबीटी का मॉक टेस्ट डाला हुआ है।
अभ्यर्थियों को इस पर प्रैक्टिस करने को भी कहा गया था। वर्तमान में राज्य चयन आयोग हाइब्रिड सिस्टम लागू कर रहा है। पहले भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और परिणाम जल्दी निकलने के लिए कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी सीबीटी को फॉलो किया गया। अब इससे आगे टैबलेट आधारित परीक्षा यानी टीबीटी शुरू हो रही है। टैबलेट आधारित परीक्षा के लिए छोटे शहरों में भी परीक्षा केंद्र दिए जा सकेंगे।
परीक्षा को दूर नहीं जाना पड़ेगा
राज्य चयन आयोग के सचिव विक्रम महाजन ने कहा कि सरकार के आदेश हंै कि भर्ती प्रक्रिया में समय कम लगे। कंप्यूटर लैब की मजबूरी के कारण राज्य में इतने नोड्स नहीं मिलते। इसलिए टैबलेट आधारित परीक्षा के बारे में सोचा गया। आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी परीक्षाएं भी होने जा रही हैं, जिनमें आवेदक लाखों में हैं। ऐसे में सीबीटी के बजाय टीबीटी से लोगों को जल्दी नौकरी दी जा सकेगी। नर्सिंग के बाद जेओए आईटी की परीक्षा में पूरे प्रदेश में 42 केंद्र बनाए जाएंगे, जो छोटे शहरों में भी होंगे। कोशिश ये है कि अभ्यर्थियों को एग्जाम के लिए लंबा सफर न तय करना पड़े।
आने वाले चार बड़े एग्जाम
परीक्षा कुल पद आवेदक
असिस्टेंट स्टाफ नर्स 752 11000
जेओए आईटी 351 44248
पंचायत सचिव 119 47000
पटवारी 530 187000
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
