कबड्डी में सदर तो वॉलीबाल में झंडूता बना विजेता
बैहल स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का समापान
निजी संवाददाता-स्वारघाट
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैहल में तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 लडक़ों की खेलकूद प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में बिलासपुर जिले के पांच शिक्षा खंडों से करीब 270 खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विकास ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल प्रबंधन की ओर से मुख्यातिथि विकास ठाकुर को शाल, हिमाचली टोपी, मोमेंटो और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता के मुकाबलों में कबड्डी में सदर खंड, वॉलीबॉल में झंडूता, खो-खो में सदर, बैडमिंटन में झंडूता, शतरंज में घुमारवीं-2 तथा रेसलिंग में सदर खंड विजेता रहा।
वहीं मार्च पास्ट में घुमारवीं-2 ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुुख्यातिथि ने विजेता खिलाडिय़ों को ट्रॉफियां और मेडल देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य केवल कृष्ण ने विद्यालय में स्टेज निर्माण करवाने सहित अन्य आवश्यक समस्याओं को भी मुख्यातिथि के समक्ष रखा। इस मौके पर श्रीनयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के विधानसभा अध्यक्ष अशोक ठाकुर, कांग्रेस मीडिया प्रभारी रॉकी ठाकुर, समाजसेवी जगमोहन सिंह, बुधराम, हरपाल सिंह, प्रदीप ठाकुर, प्रेमलाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
