T20 Ranking : टी-20 रैंकिंग में छाए श्रेयस अय्यर, सात पायदान की लगाई छलांग, टॉप-फाइव में हैरी ब्रूक
एजेंसियां— दुबई
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को पुरुष टी-20 और वनडे खिलाडिय़ों की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें जमकर फेरबदल देखने को मिला। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टी-20 बल्लेबाजों की लिस्ट में लंबी छलांग लगाई है। वह सात पायदान चढक़र 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके 627 रेटिंग अंक हैं। अय्यर ने मंगलवार को जापान के खिलाफ ऐतिहासिक टी-20 में 16 रन बनाए थे।
वह बारिश से प्रभावित मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच रहे। यह भारत और जापान के बीच पहला इंटरनेशनल क्रिकेट मैच था। अय्यर ने पिछले हफ्ते अफगानिस्तान के विरुद्ध तीसरे टी-20 में 29 रन का योगदान दिया था। विकेटकीपर ईशान किशन (904) शीर्ष पर काबिज हैं। हालांकि, ईशान को 9 रेटिंग अंक का नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने जापान मैच में सिर्फ तीन रन बनाए थे। गोल्डन डक का शिकार होने वाले अभिषेक शर्मा (893) दूसरे स्थान पर बरकरार हैं।
हैरी बू्रक टॉप-फाइव में
इंग्लैंड के कप्तान हैरी बू्रक को वनडे और टी-20 बैटिंग रैंकिंग में फायदा हुआ है। इंग्लैंड ने हाल ही में श्रीलंका का तीन मैचों की टी-20 सीरीज में सूपड़ा साफ किया और पहला वनडे 89 रन से जीता। बू्रक 237 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज़ रहे। वह टी-20 रैंकिंग में पांच पायदान ऊपर चौथे स्थान पर आ गए हैं। बू्रक की 793 रेटिंग है, जो उनके करियर की बेस्ट है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
