अमनेड़ में लगाई जाएंगी सोलर लाइट्स रास्तों की करवाई जाएगी मरम्मत
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिह सुक्खू के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव अमनेड़ का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी दी। गांववासियों ने सुनील शर्मा बिट्टू का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया तथा अपनी समस्याएं एवं मांगें उनके समक्ष रखीं। इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि गांव के क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाएगी। गांव के लिए सोलर लाइटों की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गांव में सभी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि अमनेड की डिस्पेंसरी का दर्जा बढ़ाने का मामला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में कई बड़ी विकासात्मक परियोजनाएं मंजूर की गई हैं, जिससे यह जिला विकास के कई बड़े आयाम स्थापित कर रहा है। कार्यक्रम के बाद सुनील शर्मा बिट्टू ने स्थानीय निवासी मदन लाल के घर में गो दान पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया।
गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर प्रधान राकेश कुमार, उप प्रधान अजय, वार्ड पंच सुमित, रणवीर, एसएल ठाकुर, साक्षी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
