नशा जीवन के लिए खतरनाक, हमेशा दूर रहो

By: Sep 12th, 2026 12:53 am

एंटी चिट्टा अवेयरनेस वॉकाथन के प्रचार अभियान के दौरान भटोली कॉलेज में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश
स्टाफ रिपोर्टर-संतोषगढ़
एंटी चिट्टा अवेयरनेस वॉकथॉन के निमंत्रण एवं जागरूकता अभियान के तहत आज श्री विष्णु एस.डी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भटोली में प्रथम आईआरबीएन बनगढ़ द्वारा नशा मुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आईपीएस कमांडेंट डॉ. आकृति शर्मा के दिशा-निर्देशन में एकलव्य कला मंच प्रथम आईआरबीएन बनगढ़ ऊना के जवानों द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक का शीर्षक चिट्टे को मात देंगे एक साथ रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद शर्मा ने की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चिट्टे एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया तथा युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने का आग्रह किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने चिट्टे जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों, युवाओं एवं समाज पर पड़ रहे इसके गंभीर प्रभाव तथा नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशे के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाने का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को एंटी चिट्टा अवेयरनेस वॉकथॉन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में महाविद्यालय का बी.एड. विभाग भी उपस्थित रहा। विभाग से प्रोफेसर राकेश कुमार, डॉ. ज्योति, डॉ. संगीता हांडा, डॉ. कश्मीर सिंह तथा प्रोफेसर प्रियंका उपस्थित रहे। राजनीति विज्ञान विभाग से डॉ. अतुल कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App