Karamchari News : मांगें न मानने पर शिक्षक संघ दो अक्तूबर को रखेगा उपवास

By: Sep 23rd, 2026 9:56 pm

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन बुधवार को 60वें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा शिमला में जारी रहा। जिला सिरमौर के राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक राजगढ़ के पदाधिकारियों ने अनशन में शामिल होकर शिक्षकों की मांगों के समर्थन में उपस्थिति दर्ज करवाई।

संघ के उपप्रधान वेद प्रकाश शर्मा, जिला पीटीएफ सिरमौर के उपप्रधान सुरेंद्र सिंह मेहता, ब्लॉक राजगढ़ के सलाहकार राम दयाल शर्मा, कोषाध्यक्ष हरिचंद और सह सचिव अजय शर्मा ने हिस्सा लिया। संघ के अनुसार, मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर शिमला में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने एक दिवसीय उपवास किया जाएगा। शाम को कैंडल मार्च निकालने के बाद प्रदेशभर के शिक्षक काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करेंगे।

मांगपत्र सौंपने की तैयारी

68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों का मांगपत्र सौंपा जाएगा। शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने की भी घोषणा की गई है। संघ के मुताबिक आंदोलन की शुरुआत 11 जुलाई को पैदल न्याय यात्रा के जरिए शिमला पहुंचने से हुई थी। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन एकजुटता और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App