सिरमौर उत्सव की अंतिम संध्या कमाल खान के नाम
चौगान मैदान में सूफी और पंजाबी गीतों पर झूमे दर्शक, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
स्टेपको संस्था द्वारा आयोजित सिरमौर उत्सव-2026 की चौथी व अंतिम सांस्कृतिक संध्या बॉलीवुड सिंगर कमाल खान के नाम रही। कार्यक्रम में नाहन के विधायक अजय सोलंकी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कमाल खान ने सूफी गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की और करीब डेढ़ घंटे तक पंजाबी व फिल्मी गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। ‘तेरे वास्ते मेरा इश्क सूफियाना’, ‘तुम जो आए जिंदगी में बात बन गई’, ‘दमादम मस्त कलंदर’ और ‘सानु इक पल चैन न आवे’ जैसे गीतों पर चौगान मैदान में दर्शक झूमते नजर आए। सांस्कृतिक संध्या के दौरान उत्सव में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। जूनियर डांस में शुभानी, सीनियर डांस में दीपिका, जूनियर ग्रुप डांस में श्रव्या व शरण्या और सीनियर ग्रुप डांस में अभय व रवीना ने प्रथम स्थान हासिल किया।
जूनियर फोक डांस में काव्यांशी तथा सीनियर फोक डांस में लक्ष्मी विजेता रहीं। इंस्ट्रूमेंटल ओपन में समद खान और रैप-बैटल में अयान बदलाान प्रथम रहे। जूनियर सिंगिंग में युवान ठाकुर, सीनियर सिंगिंग में विकेश पुंडीर और सुपर सीनियर सिंगिंग में रंजीत कौर ने बाजी मारी। बेबी शो ब्वॉयज में अयांश और गल्र्स में मन्नत प्रथम रहीं। जूनियर मॉडलिंग में मिस्टर सिरमौर शिवाय और मिस सिरमौर तन्वी ठाकुर चुने गए। सीनियर मॉडलिंग में मिस्टर सिरमौर अक्षित और मिस सिरमौर वैभवी शर्मा रहीं। विजेताओं को सम्मानित किया गया। विधायक अजय सोलंकी ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे मंच स्थानीय युवाओं और कलाकारों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। इस अवसर पर स्टेपको अध्यक्ष रजित सिंह कंवर, सचिव वसीम खान सहित पूरी टीम मौजूद रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
