ओआईसी को आतंरिक मामलों में दखल देने का कोई हक नहीं, फर्जी कश्मीर एजेंडे पर भारत का करारा जवाब
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के दौरान इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) ने एक बार फिर कश्मीर का राग अलापते हुए प्रोपेगैंडा फैलाने की कोशिश की है। भारत के विदेश मंत्रालय ने ओआईसी के इस कदम को सीधे तौर पर खारिज कर दिया। भारत ने साफ किया कि ओआईसी का बयान अनुचित और तथ्यों से परे है। कश्मीर या लद्दाख के किसी भी हिस्से पर बोलने का इस संगठन को कोई कानूनी अधिकार नहीं है। नई दिल्ली ने जोर देकर कहा कि राजनीतिक मकसद से चलाया जाने वाला कोई भी झूठा कैंपेन जमीनी हकीकत को नहीं बदल सकता। बार-बार पाकिस्तान के मनगढ़ंत बयानों का समर्थन करने से खुद ओआईसी की विश्वसनीयता पूरी दुनिया में खत्म हो रही है।
पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा का लाउडस्पीकर बनना बंद करें
भारत ने दोटूक शब्दों में ओआईसी को हिदायत दी कि वह पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा का लाउडस्पीकर बनना बंद करे। ओआईसी को अपने मंच का गलत इस्तेमाल रोकने पर ध्यान देना चाहिए। संगठन को चाहिए कि वह पाकिस्तान को अपने गिरेबान में झांकने की सही सलाह दे। पाकिस्तान का इतिहास आतंकवाद को पालने और प्रायोजित करने का रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
