मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री से मिले शिक्षक

By: Sep 20th, 2026 12:52 am

महंगाई भत्ते की किस्तें पदोन्नति और कंप्यूटर की फीस का उठाया मामला
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ, जिला बिलासपुर के पदाधिकारियों ने प्रवक्ताओं की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मुलाकात की। संघ के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को मांग-पत्र सौंपकर विभिन्न मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया। संघ ने मांग-पत्र में कर्मचारियों की लंबित महंगाई भत्ते की किस्तों और महंगाई भत्ते के बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित देय राशि का जल्द भुगतान किया जाना जरूरी है।

इसके अलावा प्रवक्ताओं को प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नत करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग भी रखी गई। संघ ने कहा कि पात्र प्रवक्ताओं को समय पर पदोन्नति का लाभ मिलने से उन्हें राहत मिलेगी और विद्यालयों में प्रशासनिक कामकाज भी सुचारू रूप से चल सकेगा। साथ ही संघ ने कंप्यूटर विज्ञान विषय की फीस समाप्त करने की मांग भी रखी। संघ ने विद्यार्थियों के हित में इस शुल्क को समाप्त करने की मांग की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App