करवाचौथ पर जाहू बाजार गुलजार

By: Oct 27th, 2026 12:02 am

पति की लंबी उम्र के व्रत को लेकर सुहागिनों में भारी उत्साह, मनियारी और मेकअप का सामान, दुकानों पर उमड़ी भीड़

निजी संवाददाता – जाहू
करवाचौथ के पावन त्योहार को लेकर हमीरपुर जिले के प्रसिद्ध जाहू बाजार में सुहागिनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। त्योहार के मद्देनजर बाजार पूरी तरह से सज चुके हैं और हर तरफ रौनक ही रौनक है। सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए रखे जाने वाले इस व्रत की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। ब्यूटी पार्लर और मनियारी की दुकानों में रौनक बढ़ गई है। करवाचौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जाहू बाजार के ब्यूटी पार्लरों में मेहंदी लगाने और सजने-संवरने के लिए महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। पार्लर संचालकों ने भी महिलाओं के लिए विशेष पैकेज तैयार किए हैं। ग्लो ब्यूटी पार्लर की संचालिका ने बताया कि फेशियल, हेयर स्टाइलिंग और हाइड्रा फेशियल के लिए महिलाओं को अपनी बारी का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

इसके साथ ही मनियारी की दुकानों पर चूडिय़ों, बिंदी, सिंदूर और अन्य श्रृंगार सामग्री की खरीदारी के लिए भारी भीड़ देखी जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार पिछले सालों के मुकाबले बाजार में काफी अच्छी रौनक है और देर रात तक खरीदारी चल रही है। इस साल करवाचौथ के फैशन ट्रेंड में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पारंपरिक साडिय़ों और लहंगों के बजाय हिमाचली घगरी का ट्रेंड सोशल मीडिया से लेकर बाजारों तक छाया हुआ है। महिलाएं अपनी समृद्ध हिमाचली संस्कृति को आधुनिक अंदाज में अपनाने के लिए ‘हिमाचली घगरी’ को पहली पसंद बना रही हैं। विभिन्न रंगों और आकर्षक कढ़ाई वाली यह घगरी इस बार करवाचौथ पर फैशन का मुख्य आकर्षण बनी हुई है, जिसके चलते कपड़ा व्यापारियों और महिला बुटीक के पास इसकी भारी डिमांड आ रही है। बाजार में आई इस रौनक और भीड़ से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। महिलाओं का कहना है कि त्योहार को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं और इस खास दिन के लिए कोई कसर नहीं छोडऩा चाहतीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App