त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा निगरानी, मिलावटखोरी रोकने और लोगों को स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जाते हैं सैंपल
निजी संवाददाता-सोलन
त्योहारी सीजन शुरू होते ही बाजारों में मिठाइयों की मांग बढऩे लगी है। दीपावली सहित अन्य त्योहारों के दौरान लोग बड़ी संख्या में मिठाइयों की खरीदारी करते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी महत्वपूर्ण हो जाती है। विभाग की ओर से समय-समय पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करवाई जाती है, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें। त्योहारी सीजन में सोलन के बाजारों में बर्फी, लड्डू, गुलाब जामुन, रसगुल्ले और अन्य पारंपरिक मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ग्राहकों की बढ़ती संख्या के बीच मिठाइयों की ताजगी, गुणवत्ता और साफ-सफाई बनाए रखना जरूरी है। मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले खोया, दूध, घी और अन्य सामग्री की गुणवत्ता भी लोगों के स्वास्थ्य के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
करवाचौथ पर फैनी की मिठास बाजारों में बढ़ी मांग
करवाचौथ के त्योहार को लेकर बाजारों में फैनी की मांग बढऩे लगी है। व्रत की तैयारियों में जुटी महिलाएं पूजा-पाठ और पारंपरिक रीति-रिवाजों के लिए फैनी की खरीदारी कर रही हैं। करवाचौथ पर फैनी का विशेष महत्व माना जाता है और कई परिवारों में इसे सरगी का हिस्सा बनाया जाता है। त्योहार के नजदीक आने के साथ मिठाई और किराना दुकानों पर इसकी खरीदारी बढ़ रही है। दुकानदारों को उम्मीद है कि करवाचौथ तक फैनी की मांग में और तेजी आएगी। त्योहार की तैयारियों के बीच बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
