पहाड़ी गीतों पर जमकर झूमा बंगलूर

By: Oct 27th, 2026 12:02 am

हिमाचली संगम की रही धूम, 1500 से ज्यादा हिमाचलियों ने दिखाई एकता

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
कर्नाटक की राजधानी बंगलूर में देवभूमि हिमाचल प्रदेश की सतरंगी संस्कृति जीवंत हो उठी। हिमाचल कर्नाटक कल्याण संघ यानी हिमाचली इन बंगलूर द्वारा आयोजित हिमाचली संगम 2026 में लगभग 1500 लोगों ने शिरकत कर दक्षिण भारत में एक मिनी हिमाचल बसा दिया। अपनी मिट्टी, संस्कृति और अपने लोगों से जोडऩे के उद्देश्य से किए गए इस भव्य आयोजन में पहाड़ी गानों की धुनों, पारंपरिक नाटी और हिमाचली धाम ने ऐसा रंग जमाया कि हर कोई अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ महसूस करने लगा। समारोह के मुख्य आकर्षण पारंपरिक पहाड़ी नृत्य नाटी, शानदार फैशन शो और लजीज हिमाचली धाम रहे, जिन्होंने इस उत्सव में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध गायक एसी भारद्वाज को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था। मंच पर जैसे ही उन्होंने अपनी सुरीली और शानदार गायकी का जादू बिखेरा, दर्शक झूम उठे। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने इस शाम को उपस्थित सभी लोगों के लिए यादगार बना दिया। इस बार हिमाचली संगम का उत्साह केवल बेंगलुरु की सीमाओं तक ही सीमित नहीं रहा।

संस्था एसआईबी के निमंत्रण पर उनके साथी समुदाय हिमाचली इन हैदराबाद के सदस्य भी विशेष रूप से इस उत्सव में शामिल हुए। दो बड़े शहरों में बसे पहाड़ी समुदाय के इस महामिलन ने यह साबित कर दिया कि दूरी चाहे हजारों किलोमीटर की हो, हिमाचलियत और अपनेपन का रिश्ता हमेशा दिलों को जोड़े रखता है। इस भव्य आयोजन की सफलता के बाद हिमाचल कर्नाटक कल्याण संघ ने सभी प्रतिभागियों का हृदय से धन्यवाद किया। संघ के अध्यक्ष दिनेश राणा, सचिव सनी शर्मा, कोषाध्यक्ष अश्विन शर्मा, उपाध्यक्ष अनुराग धीमान, मार्केटिंग हेड विनीत भारद्वाज, स्पोट्र्स हेड आशीष कालिया, टेक्निकल हेड दीपक चौहान और कल्चरल हेड मंदीप सिंह ने कहा कि समुदाय का प्यार और सहयोग ही इस संगम की असली ताकत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App