भाजपा ने फूंका कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला
आपत्तिजनक टिप्पणी का किया विरोध, प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निकाली आक्रोश रैली
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
भाजपा जिला हमीरपुर ने बस अड्डा के समीप रानी झांसी पार्क में प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सोमवार को संयुक्त मोर्चा जन आक्रोश रैली एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकत्र्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकत्र्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और आम जनता को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने प्रदेश में विकास कार्यों की गति, महंगाई, बेरोजगारी, ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर अपेक्षित परिणाम देने में विफल रही है। भाजपा ने प्रदेश सरकार से जनता से किए गए वादों को पूरा करने, विकास कार्यों में तेजी लाने और आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की। इस अवसर पर भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में उनका पुतला दहन भी किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन राजनीतिक संवाद में व्यक्तिगत परिवार के सदस्यों को निशाना बनाने वाली टिप्पणियों से बचना चाहिए। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा और जिम्मेदार आचरण बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
