15 दिन में 1.67 करोड़ से ज्यादा चढ़ावा

By: Oct 27th, 2026 12:02 am

शारदीय नवरात्र मेलों के दौरान माता बालासुंदरी के दरबार 1.32 लाख श्रद्धालुओं ने नवाया शीश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
त्रिलोकपुर स्थित उत्तर भारत की प्रमुख शक्तिपीठ माता बालासुंदरी मंदिर में 15 दिवसीय शारदीय नवरात्र मेला शरद पूर्णिमा के अवसर पर संपन्न हो गया। मेले के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे करीब 1,32,700 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में 1,67,04,287 रुपए नकद चढ़ावे के रूप में अर्पित किए।

इसके अतिरिक्त 279 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना और 21,350 ग्राम चांदी भी चढ़ावे में प्राप्त हुई। सोमवार को मेले के समापन अवसर पर उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त त्रिलोकपुर मंदिर न्यास राजीव सांख्यान ने परिवार सहित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने हवन-यज्ञ अनुष्ठान और कन्या पूजन कर माता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए मंदिर न्यास के कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया। वहीं, 15 दिवसीय मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं मंदिर न्यास की ओर से करीब 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App