तीन पंचायतों के 2791 लोगों को मिलेगा स्वच्छ पानी
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने 45 लाख की पेयजल योजना जनता को समर्पित की, भटियात में सडक़ों पर खर्च होंगे 500 करोड़
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने गुरुवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलेरा में 45 लाख रुपए की लागत से पुर्ननिर्मित व संवर्धित पेयजल योजना का शुभारंभ किया। इस योजना से ग्राम पंचायत बलेरा, जियुंता व नैनीखड्ड के बलेरा, सुआगलू, चलटूनी, भित, फरोली, कुट, डुमरेडू तथा रैना सहित लगभग डेढ दर्जन गांवों की 2791 की आबादी को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। कुलदीप पठानिया ने भित गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के दुर्गम व दूरदराज क्षेत्रों में सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं को पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकर के वर्तमान कार्यकाल में इस विस क्षेत्र में 180 करोड़ रुपए सडकों के निर्माण पर खर्च किए जा चुके है जबकी 273 करोड़ के विभिन्न सडकों के कार्य प्रगति पर हैं। इस प्रकार वर्तमान सरकार के 5 वर्षों के कार्यकाल के पूर्ण होने तक लगभग 500 करोड रुपए सडक़ों पर खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग ने गत चार वर्षों के दौरान 174 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्य पूर्ण किए हैं। वर्तमान में 365 करोड़ रूपए की विभिन्न योजनाओं पर निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इसके अतिरिक्त, विधानसभा क्षेत्र में विभाग द्वारा कार्यान्वित की जाने वाली 564 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्ताव अनुमोदित किए जा चुके हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा संपर्क सडक़ों तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित सभी मांगों को पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने गांव भित मे खाली पड़े प्राइमरी स्कूल भवन को नवभारत युवक मंडल भित को स्थानांतरित करने तथा स्थानीय महिला मंडल को 25 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने इस दौरान उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकतर का मौके पर समाधान करते हुए शेष समस्याओं को संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत हल करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ग्राम पंचायत बलेरा की प्रधान बबली देवी शर्मा व उपप्रधान मनजीत सिंह, नगर पंचायत चुवाडी उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढक, एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएसपी मंयक शर्मा, अधीक्षण अभियांता राजेश मोगरा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर व नरेंद्र चौधरी, डीएफओ डा. कुलदीप जमवाल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
