चंबा के बहुचर्चित गोहत्या प्रकरण में 4 आरोपी गिरफ्तार

By: Oct 16th, 2026 11:34 am

दीपक शर्मा—चंबा

विकास खंड चंबा की ग्राम पंचायत घघरोता में गोहत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सदर थाना प्रभारी निरीक्षक रमन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की है। गोवंश के अवशेष मिलने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इस मामले को लेकर क्षेत्र में रोष के बीच पुलिस की कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। बताते चलें कि गोहत्या की घटना के बाद पुलिस ने जलेदा जंगल से उडाण धार तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया था।

46 सदस्यीय पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों को खंगालने के साथ धार में बने कोठों की भी गहनता से तलाशी ली थी। इसके अतिरिक्त पुलिस ने पूछताछ के लिए 20 लोगों को थाने बुलाया था। इनमें से आठ से दस लोगों से पूछताछ की गई थी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच आगे बढ़ी और अब चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा दिनेश शर्मा ने चार आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस मामले से संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App