ऊना में 33वें जिला स्तरीय बाल विज्ञान मेले का शुभारंभ

By: Oct 24th, 2026 12:56 am

विज्ञान मेले में छात्रों ने स्मार्ट कृषि, प्रदूषण नियंत्रण, सुरक्षित निर्माण और आधुनिक तकनीक पर आधारित मॉडल किए पेश

स्टाफ रिपोर्टर – ऊना
जिला मुख्यालय स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना-1 में 33वें जिला स्तरीय हिमाचल प्रदेश बाल विज्ञान मेले का शुभारंभ जिला उपशिक्षा निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) सोम लाल धीमान ने मुख्यातिथि के रूप में किया। इस जिला स्तरीय विज्ञान मेले में जिलेभर के विभिन्न स्कूलों से लगभग 300 विद्यार्थी वैज्ञानिक भाग लेकर अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन कर रहे हैं। विज्ञान मेले के दौरान विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, गतिविधियों और नवीन विचारों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक समझ प्रस्तुत की। कार्यक्रम के शुभारंभ मुख्यातिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। जिला स्तरीय विज्ञान मेले में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार किए गए विज्ञान आधारित मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।

इस 33वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान मेले के बारे में जानकारी देते हुए जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजीव ओहरी ने बताया कि विज्ञान पर आधारित स्किट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों के माध्यम से विज्ञान की उपयोगिता और महत्व को प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता में कुल 17 स्किट्स प्रस्तुत की गईं। अंडर-14 वर्ग में 36 विद्यार्थियों ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रतियोगिता में भाग लिया, जबकि अंडर-17 वर्ग में 57 विद्यार्थियों ने अपनी प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुत कर वैज्ञानिक विषयों पर अपनी समझ और ज्ञान का प्रदर्शन किया। मैथ्स ओलंपियाड के सभी वर्गों में कुल 45 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

साइंस एक्टिविटी कॉर्नर में 45 छात्रों ने दिखाया टेलेंट

वहीं साइंस एक्टिविटी कॉर्नर में 45 विद्यार्थियों ने भाग लेकर विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के सभी वर्गों में 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त इनोवेटिव साइंस मॉडल प्रतियोगिता में 20 विद्यार्थियों ने अपने नवीन वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App