धर्मशाला में एथलेटिक्स का महाकुंभ शुरू, 429 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राज्य स्तरीय एथलेटिक्स मीट किया शुभारंभ शुरू, तीन दिन तक पदकों के लिए भिड़ेंगे युवा एथलीट
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 लडक़े एवं लड़कियों की एथलेटिक्स मीट का शुभारंभ उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया। धर्मशाला स्थित सिंथेटिक ट्रैक में तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों तथा तीन खेल छात्रावासों बिलासपुर, चौपाल और खेलो इंडिया केंद्र के कुल 429 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें 225 लडक़े और 204 लड़कियां शामिल हैं। इस अवसर पर उपमुख्य सचेतक ने खिलाडिय़ों द्वारा प्रस्तुत शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली तथा हिमाचली, नेपाली और तिब्बती संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास तथा उनके उचित रख-रखाव पर विशेष बल दे रही है। सरकार का उद्देश्य खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि नादौन में लगभग 9,735 वर्ग मीटर क्षेत्र में 112.49 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से इंडोर मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है।
इस परिसर में शूटिंग रेंज, स्विमिंग पूल, जिम, बहुउद्देशीय खेल हॉल, चार बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, टेनिस कोर्ट सहित अनेक आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त खिलाडिय़ों एवं प्रशिक्षकों की सुविधा के लिए कोच आवास, डॉरमेट्री, कार्यालय, कैफेटेरिया और वेटिंग लाउंज जैसी सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाडिय़ों के समर्पण, संघर्ष और उपलब्धियों को उचित सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को दी जाने वाली पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है।
खिलाडिय़ों की इनामी राशि में भारी बढ़ोतरी
ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक तथा पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि तीन करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़, रजत पदक विजेताओं की दो करोड़ से बढ़ाकर तीन करोड़ तथा कांस्य पदक विजेताओं की एक करोड़ से बढ़ाकर दो करोड़ की गई है। इसी प्रकार एशियाई खेलों एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 50 लाख से बढ़ाकर चार करोड़, रजत पदक विजेताओं की 30 लाख से बढ़ाकर 2.50 करोड़ तथा कांस्य पदक विजेताओं की 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपए की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार अब तक राज्य के उन अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों को लगभग 30 करोड़ की राशि प्रदान कर चुकी है, जिन्होंने पैरालंपिक, एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों तथा विश्व कप जैसी प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त किए हैं अथवा भाग लिया है। इस अवसर पर उपमुख्य सचेतक ने राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल टीम के लिए चयनित घरोह स्कूल की पांच छात्राओं तथा एशियाई खेलों में रजत पदक विजेता सावन भरवाल के प्रारंभिक कोच गोपाल ठाकुर को सम्मानित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
