Arunachal border tension: चीन ने खुद को बताया पाक-साफ, कहा, हम आपसी समझौते का सख्ती से करते हैं पालन

By: Oct 27th, 2026 12:07 am

ड्रैगन की सफाई, हम आपसी समझौते का सख्ती से करते हैं पालन

भारत के साथ कूटनीतिक बातचीत का रास्ता हमेशा खुला रहेगा

एजेंसियां — बीजिंग

चीन ने भारत के साथ बॉर्डर पर चल रहे तनाव के बीच खुद को पाक-साफ बताया है। भारत-चीन बॉर्डर पर हाल ही में टकराव हुआ था, जिसकी काफी चर्चा रही। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा कि उनके सैनिक बॉर्डर पर सामान्य पेट्रोलिंग करते हैं। चीन पूरे नियमों का ध्यान रखता है और भारत से भी यही उम्मीद करता है। अहम बात यह भी है कि आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर के बयान के बाद टकराव की खबरें बाहर आई हैं। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसकी ओर से पेट्रोलिंग तय तौर-तरीकों के तहत ही होती है। चीन ने दोनों देशों के बीच हुए समझौते का सख्ती से पालन किया है, साथ ही सहमतियों पर अमल भी किया है। चीन क्षेत्रीय संप्रभुता और सीमा पर स्थिरता बनाए रखने के लिए बॉर्डर वाले इलाके में नियमित पेट्रोलिंग करता है। वह इसके प्रबंधन का काम भी करता है।

गुओ जियाकुन ने भारत के लिए कहा कि भारत के साथ कूटनीतिक बातचीत का रास्ता हमेशा खुला रहेगा। चीन उम्मीद करता है कि भारत भी आपसी सहमतियों का ध्यान रखेगा और शांति बनाए रखने के लिए मजबूत कदम उठाएगा। वह बॉर्डर एरिया में इसका विशेष ध्यान रखेगा। गौरतलब है कि आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर ने भारत-चीन बॉर्डर पर हाल ही में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि दोनों देशों के बीच अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर पर टकराव की स्थिति कई बार बनी है। शत्रुजीत कपूर ने यह भी कहा कि टकराव की स्थिति में भारतीय जवानों ने मजबूत से काम किया और अपनी जिम्मेदारी निभाई. उनके इस बयान के बाद सियासत भी शुरू हो गई थी। विपक्ष ने इसको लेकर केंद्र सरकार को घेरा भी था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App