बिलासपुर में भगवान वाल्मीकि प्रकाश पर्व की धूम
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे विधायक त्रिलोक जमवाल, सराए को दिए दो लाख
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
बिलासपुर नगर के डियारा सेक्टर में स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर में भगवान वाल्मीकि प्रकाश पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। जिला वाल्मीकि सभा के प्रधान अशोक कुमार की अगवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में सोमवार को सदर विधायक त्रिलोक जंवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि नगर परिषद अध्यक्ष जमुना देवी, पूर्व अध्यक्ष कमल गौतम, पूर्व उपाध्यक्षा सोनिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रही। इस अवसर पर विधायक ने महर्षि वाल्मीकि जी के चरणों शीश नवाया तथा आयोजित हवन यज्ञ में भाग लिया। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि केवल किसी जाति या समुदाय के भगवान न होकर समस्त सृष्टि के आदर्श और भगवान है। उन्होंने कहा कि आदिकाल में जिन्होंने रामायण जैसे ग्रंथ को लिखा वे कोई साधारण शक्ति नहीं थे। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा लिखी गई रामायण की एक-एक बात आज प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी हिंदुओं के सृजन के स्त्रोत हैं तथा उनका हिंदुत्व के प्रति, सामाजिक समरसता के प्रति एक बहुत बड़ा योगदान है। हिंदू समाज को भगवान वाल्मीकि जी के जीवन चरित्र को पढ़ाते हुए जो गुण उन्होंने लव कुश के अंदर पैदा किया जो वाल्मीकि जी ने रामायण के बारे में लिखा उसे अपने जीवन में उतरने की कोशिश करनी चाहिए। इस मौके पर विधायक ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए अपनी विधायक निधि से दो लाख रूपए देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर जिला वाल्मीकि सभा की ओर से विधायक और उनके साथ अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि के अलावा शिव कुमार नड्डा, इंद्र डोगरा, जगजीत सिंह, तुषार डोगरा, अनिल किशोर, विजय कग्घा, मनोज गागट, विनय किशोर, रविंद्र किशोर व संतोष सहित अन्य मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
