पार्टी छोड़ गए विधायकों को वापस नहीं लेंगे, CM सुक्खू का बड़ा बयान, बोले, जो और भी जाना चाहते हैं, चले जाएं
शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बड़ा बयान; बोले, जो और भी जाना चाहते हैं, चले जाएं
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पार्टी छोड़ कर गए विधायकों की कांग्रेस में वापसी पर बड़ा बयान दिया है। सीएम ने दोटूक कहा है कि पार्टी उन्हें वापस नहीं लेना चाहती है, ऐसे में वह बात क्या करेंगे। मुख्यमंत्री ने इतना तक कहा कि जिन और का इंटेरेस्ट है, वे भी चले जाएं। सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला के संजौली में हवाई सेवा का शुभारंभ करने के उपरांत मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने सराहन में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण समारोह में न जाने और उसके बाद भाजपा की तरफ से कांग्रेस में गुटबाजी होने के बयान पर भी चुप्पी तोड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमारे नेता थे और सराहन में उनका कार्यक्रम था, इसे गुटबाजी के साथ न जोड़ जाए।
उन्होंने कहा कि शिमला में ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व सीएम की मूर्ति का अनावरण के समय पार्टी शीर्ष नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत पूरी कांग्रेस पार्टी शामिल हुई थी। सराहन में आयोजित अनावरण समारोह में मुझे भी बुलाया गया था। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा खुद पांच गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज्यसभा सांसद बाद में राजनीति में आए और मैं उनसे पहले एनएसयूआई का अध्यक्ष बन गया था तथा पार्टी के अन्य पदों पर रहा हंू। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ही एक दूसरे का नाम लेकर अपनी पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को उजागर कर रहे हैं।
नवंबर में विधानसभा सत्र संभव
विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस मर्तबा दिसंबर के बजाय नवंबर माह में हो सकता है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बुधवार को शिमला में यह संकेत दिए है। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह में पर्यटन सीजन रहता है और प्रदेश के शिमला, धर्मशाला और डलहौजी पर्यटक स्थल है। सत्र के दौरान पर्यटकों को टै्रफिक जाम का भी सामना करना पड़ता है। बकौल सीएम विधानसभा अध्यक्ष नवंबर में शीतकालीन सत्र का प्रस्ताव देते है, तो सत्र को सरकार बुला सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
