प्रेम विवाह पर चंबा चौक में हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति

By: Oct 16th, 2026 12:55 am

नवविवाहिता को साथ ले जाने की जिद पर अड़े मायके वाले; एसपी कार्यालय में भी आमने-सामने हुए दोनों पक्ष, पुलिस ने समझाकर घर भेजा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
शहर के व्यस्त मुख्य चौक पर गुरुवार देर शाम आपसी सहमति से प्रेम विवाह रचाने वाली नवविवाहिता के परिजनों ने हंगामा कर दिया। लडक़ी के परिजनों ने शादी का विरोध शुरू कर दिया और युवती को फौरन अपने साथ ले जाने की मांग पर अड़ गए। इस हंगामे के चलते चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लगने के साथ मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।। घटना की सूचना मिलते ही सिटी चौकी पुलिस दल-बल सहित मौके पर पहुंची और सूझबूझ से मामला शांत करवाया। प्जानकारी के मुताबिक, उपमंडल किहार के डियूर क्षेत्र की एक युवती ने दो दिन पहले अपने परिजनों की रजामंदी के बगैर प्रेमी के साथ अदालत में विवाह कर लिया था। इस कदम से नाराज होकर लडक़ी के परिजनों ने किहार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी बीच किसी अनहोनी व खतरे की आशंका को भांपते हुए युवक के परिजन नवविवाहित जोड़े को सुरक्षा दिलाने के मकसद से गुरुवार को एसपी कार्यालय चंबा लेकर पहुंचे थे।

वहां लडक़ी के परिजन भी पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों पक्षों को आमने.सामने बैठाकर कानूनी पहलुओं और बालिग होने के अधिकारों की जानकारी देकर मामले को शांत कराने की कोशिश की। इसके बाद नवदंपति को दो अलग-अलग वाहनों में रवाना किया गया। लेकिन जैसे ही मायके वाले चौक पर पहुंचे तो बवाल शुरू कर दिया। कुछ ही पलों में युवती के भाई और बहन भी वहां पहुंच गए और ससुराल पक्ष से युवती को उनके सुपुर्द करने की जिद पर अड़ गए। माहौल में तनाव बढ़ता देख सिटी चौकी पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी तलब कर जरूरी पूछताछ और शांति व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत देने के बाद दोनों पक्षों को अपने-अपने घर रवाना कर दिया गया।

एसपी के बोल
उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि सुरक्षा की मांग को लेकर ससुराल पक्ष कार्यालय पहुंचा थाए जिसके बाद मायका पक्ष भी आया था। दोनों पक्षों को कानून के दायरे में रहकर समझाया गया था। बाजार में मायका पक्ष द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर रवाना कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App