मुख्यमंत्री के सराज दौरे की तैयारियों को लेकर मंथन

By: Oct 22nd, 2026 12:01 am

उपमंडल संवाददाता- थुनाग
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रस्तावित सराज दौरे को लेकर बुधवार को जंजैहली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। सराज मंडल कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों और इसे सफल बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ काम करने और मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर संगठनात्मक तैयारियां मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं के साथ दौरे से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि मुख्यमंत्री के सराज प्रवास के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर रहें और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी की आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई। मंडल अध्यक्ष जगदीश रेड्डी ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री का सराज दौरा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों और स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे की तिथि और कार्यक्रम को लेकर अंतिम जानकारी मिलने के बाद तैयारियों को और गति  दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App