खलग स्कूल में सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर
गैस रिसाव, भूकंप और बेहोशी की स्थिति में बचाव के तरीके बताए
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खलग में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से आपदा प्रबंधन पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें डुअर एनजीओ की अनुराधा और श्वेता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को आपदाओं से बचाव के तरीके बताए। विशेषज्ञों ने गैस सिलेंडर से रिसाव होने पर बिजली के स्विच न चलाने और माचिस न जलाने की सलाह दी। उन्होंने गैस रेगुलेटर सुरक्षित तरीके से बंद करने, बेहोश व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने और जरूरत पडऩे पर सीपीआर करने की जानकारी भी दी। भूकंप के दौरान मजबूत मेज या बेंच के नीचे झुककर सिर और गर्दन सुरक्षित रखने तथा झटके रुकने के बाद सुरक्षित स्थान पर जाने के उपाय बताए गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना चाहिए। कार्यशाला में ग्राम पंचायत प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, वार्ड सदस्य, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान राकेश ठाकुर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने उपयोगी जानकारी देने के लिए एनजीओ की टीम का आभार जताया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
