साथ बैठकर पी दारू, फिर पैसे के लेनदेन पर पंगा, हमीरपुर में फावड़े के वार से मार डाला दोस्त

By: Oct 16th, 2026 12:30 pm

सुरेंद्र ठाकुर—हमीरपुर

पुलिस थाना नादौन के तहत आनेे वाली फस्टे पंचायत में एक प्रवासी की फावड़े से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक सहित तीन लोगों ने मिलकर शराब का सेवन किया तथा बाद में रुपयों के लेन-देन को लेकर मामला बिगड़ गया। इसी बीच दो लोगों ने व्यक्ति को फावड़े से मौत के घाट उतार दिया। हत्या की इस वारदात को मंगलवार रात के समय अंजाम दिया गया है। करीब 24 घंटे तक प्रवासी की लाश उसके किराए के कमरे में ही पड़ी रही। बुधवार रात के समय जब लोग रामलीला देखने जा रहे थे, तो कमरे की बिजली जली देखकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान देखा कि व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फावड़े सहित कुछ अन्य सामग्री को कब्जे में लिया है।

मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया गया है तथा एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। हालांकि एक अन्य आरोपी को जल्द हिरासत में लिया जा सकता है। मृतक की पहचान दिग्विजय उर्फ गांगुली निवासी उमरिया संत कबीर नगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मृतक प्रवासी दिहाड़ी का काम करने वाला बताया जा रहा है। मंगलवार शाम के समय यह अपने किराए के कमरे में था तथा इसके साथ दो अन्य साथी भी थे। सूचना है कि इन्होंने मिलकर शराब का सेवन किया तथा उसी दौरान रुपयों के लेनदेन का लेकर उलझ गए। विवाद इतना बढ़ा कि प्रवासी की फावड़े के प्रहार से हत्या कर दी गई। खून से सना हुआ फावड़ा पुलिस ने बरामद किया है। वहीं गुरूवार के दिन फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। घटना में संलिप्त होने की आशंका के चलते पुलिस एक स्थानीय व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाना पहुंचाया है, जबकि एक अन्य संदिग्ध प्रवासी फरार चल रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश ने बताया कि व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस हरेक पहलू से मामले की जांच कर रही है। पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। गहनता से मामले की जांच की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App