ऊना में भी पैदा होगी बिजली…220 मेगावाट का लक्ष्य

By: Oct 27th, 2026 12:02 am

डिप्टी सीएम का ऐलान, खड्ड में किया पौने छह करोड़ के कार्य का शिलान्यास, प्रदेश सरकार की गिनाई योजनाएं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिला आने वाले समय में बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। जिले में लगभग 220 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उत्पादन को बढ़ावा देते हुए 75 मेगावाट क्षमता के प्लांट स्थापित करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि एक समय बिजली उत्पादन को पहाड़ी क्षेत्रों और नदियों तक सीमित माना जाता था, लेकिन हमने यह संकल्प लिया कि ऊना में भी बिजली पैदा करके दिखाएंगे। आज जिला इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उप मुख्यमंत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के खड्ड में 5.79 करोड़ की लागत से 33 केवी विद्युत उपकेंद्र के आधुनिकीकरण एवं उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्र की लगभग 14 पंचायतों के 15हजार लोगों को बिजली की अघोषित कटौती से राहत मिलेगी।

विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए इस कार्य को अगली गर्मियों से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने 37.48 लाख रुपये की लागत से निर्मित विद्युत उपमंडल खड्ड के भवन का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। मुकेश अग्निहोत्री ने 3.82 करोड़ की लागत से चंदपुर खड्ड पर बनने वाले 60 मीटर लंबे चंदपुर-ललड़ी पुल का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में
सुविधा मिलेगी।

बड़े स्तर पर हो रहा काम

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना जिले में विद्युत आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। जिले में तीन 220 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें एक बाथू, दूसरा बीत और तीसरा पेखूबेला में स्थापित हो रहा है।

ये रहे उपस्थित

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री प्रधान ग्राम पंचायत भैणी खड्ड बंदना कुमारी, प्रधान ग्राम पंचायत खड्ड उर्मिला, प्रधान ग्राम पंचयात लोअर पंजाबर प्रमोद एडवोकेट वीरेंद्र मनकोटिया, अधीक्षण अभियंता विधुत दर्शन सिंह मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App