अपने हकों के लिए लड़ रहा हिमाचल, CM बोले, पीएम की घोषणा वाले 1500 करोड़ भी नहीं मिले
कुल्लू में बोले मुख्यमंत्री सुक्खू, पीएम की घोषणा वाले 1500 करोड़ भी नहीं मिले
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — कुल्लू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि इस समय हिमाचल सरकार अपने हकों की लड़ाई लड़ रही है और उसमें कामयाबी भी हासिल कर रही है। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन समारोह के लिए दो दिन के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में राज्य के लिए करोड़ों के अतिरिक्त राजस्व की व्यवस्था अपने अधिकारों की लड़ाई से जीती। किशाऊ बांध परियोजना, कड़छम वांगतू से अतिरिक्त रॉयल्टी, फाइव स्टार होटल वाइल्ड फ्लावर हॉल, बीबीएमबी में अपनी हिस्सेदारी का दावा, शानन को हासिल करने के लिए दबाव आदि प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला बोल कि भाजपा आज भविष्यवक्ता बनकर नेतृत्व को लेकर भविष्यवाणियां कर रही है। पार्टी पांच गुटों में बंटी हुई है और हर गुट की अपनी अलग राय है। कोई कह रहा है कि नड्डा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा, तो दूसरा गुट कुछ और ही बयान दे रहा है। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि भाजपा ने पिछले पांच वर्षों में आखिर किया क्या है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश की संपदा को लुटाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) प्रदेश का हक था, जिसे केंद्र सरकार ने छीन लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित 1500 करोड़ रुपए भी प्रदेश को नहीं मिले। भाजपा नेता प्रदेश के अधिकारों की बात करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। परवाणू से नीचे हिमाचल प्रदेश के भाजपा नेताओं की आवाज नहीं चलती। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों से मुलाकात तक नहीं कर पाते। वहीं, प्रदेश सरकार अपने हकों के लिए लड़ाई लड़ती है और उन्हें हासिल भी करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश की संपदा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। सरकार लाखों परिवारों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं लेकर आई है। कुल्लू जिले में करीब 60 से 70 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए गए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए सुक्खू ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा हिमाचल से संबंध रखते हैं। प्रदेश सरकार ने पहली बार स्नातकोत्तर चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती की है और 320 पद भरे हैं। मेडिकल कालेजों में सीटों को भरने के लिए केंद्र की स्वीकृति और सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का प्रदेश से होना सौभाग्य की बात है और उनसे हिमाचल के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए सहयोग की अपेक्षा है।
कांग्रेस सरकार ने दोगुना किया गाय के दूध का खरीद मूल्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के समय गाय के दूध का खरीद मूल्य 32 रुपए प्रति लीटर था, जिसे बढ़ाकर अब लगभग दोगुना कर 61 रुपए किया गया है। इसी तरह भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 47 रुपए से बढ़ाकर 71 रुपए किया गया है। इससे किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हुई है। प्रदेश सरकार किसानों-बागवानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठा रही है। प्रदेश सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप अब कुल्लू जिला में उत्पादित सिंदूरी किस्म के 113 मीट्रिक टन अनार संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर को निर्यात किए गए है। मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब के खरीद मूल्य में एक रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
