जयराम की जनता से अपील, रामपुर से भाजपा का विधायक विधानसभा भेजें

By: Oct 26th, 2026 11:09 pm

जयराम की जनता से अपील, कांग्रेस पर द्वेष भावना से काम करने का लगाया आरोप

वरिष्ठ संवाददाता — रामपुर बुशहर

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दावा किया आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी रामपुर में भी जीत हासिल करेगी। इस बार रामपुर से भाजपा का विधायक विधानसभा में पहुंचेगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना होगा। दरअसल नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रामपुर में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में बतौर चीफ गेस्ट शिरकत की। रामपुर के नोगली में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने वाले नेता ही लोगों के दिलों में जगह बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि कौल सिंह नेगी भले ही पिछले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाए, लेकिन जनता के मुद्दों को उठाने और उनके लिए संघर्ष करने के कारण उन्होंने लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक द्वेष की भावना से काम करने का आरोप लगाया। जयराम ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर राजनीतिक दुर्भावना से प्रभावित फैसलों की समीक्षा करेगी और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देगी।

मोदी का नेतृत्व सराहा

जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा बढ़ी है और कई देशों ने प्रधानमंत्री को सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है। कार्यकर्ताओं को केंद्र की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App