मौत के बाद भी दुनिया देखेंगी जीतों देवी की आंखें
82 साल की आयु में निधन के बाद बेटे यशवंत राय ने लिया मां के नेत्रदान का संकल्प
दिव्य हिमाचल ब्यूरो,ऊना
मां का आंचल छूटने का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, लेकिन कुछ संकल्प ऐसे होते हैं जो किसी अपने के जाने के बाद भी उसकी मौजूदगी का एहसास कराते रहते हैं। ऐसा ही भावुक और प्रेरणादायक उदाहरण मैहतपुर के वार्ड नंबर दो निवासी यशवंत राय ने पेश किया है। उनकी माता जीतों देवी का 82 वर्ष की आयु में 23 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया। मां के बिछडऩे के इस असहनीय दुख के बीच यशवंत राय ने उनके नेत्रदान का संकल्प लेकर मानवता और सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की है। यशवंत राय ने अपनी मां को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए उनके नेत्रदान का निर्णय लिया, ताकि उनके जाने के बाद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी आ सके। उनकी इस पहल से किसी दृष्टिबाधित व्यक्ति को दुनिया देखने का अवसर मिल सकता है।
एक ओर परिवार अपनी प्रिय सदस्य को खोने के गम में डूबा है, वहीं दूसरी ओर नेत्रदान का यह संकल्प किसी अन्य परिवार के जीवन में उम्मीद की नई किरण बन सकता है। यशवंत राय उमंग फाउंडेशन, शिमला के महासचिव होने के साथ नियमित रक्तदाता और समाजसेवी भी हैं। उनका मानना है कि मानव जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य दूसरों के काम आना है। इसी भावना से प्रेरित होकर उन्होंने मां के निधन के बाद उनके नेत्रदान का संकल्प लिया। उनके अनुसार, मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद जीवनभर उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहेंगे। मां के संस्कारों को जनसेवा और मानवता के कार्यों के माध्यम से आगे बढ़ाना ही उनके लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है। यशवंत राय ने भावुक संदेश में कहा कि मां भले ही इस दुनिया से विदा हो
गई हैं।
मानवता का संदेश
जीतों देवी के नेत्रदान का संकल्प समाज को यह संदेश देता है कि मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में उम्मीद जगाई जा सकती है। नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढऩे से दृष्टि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को नई उम्मीद मिल सकती है। मां को खोने का दर्द अपनी जगह है, लेकिन उनके नाम से किसी के जीवन में रोशनी आने की संभावना इस दुख को मानवता की सेवा से जोड़ देती है। नेत्रदान महादान है।
रोटरी आई बैंक होशियारपुर की टीम ने पूरी की प्रक्रिया
रोटरी आई बैंक होशियारपुर के चैयरमेन जीपी बहल ने बताया कि स्वर्गीय जीतो देवी की मृत्यु के बाद रोटरी आई बैंक होशियारपुर की चिकित्सकों की टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया को अमल में लाया। उन्होंने इस दुख की घड़ी में जीतो देवी के परिवार सदस्यों व उनके बेटे यशवंत राय द्वारा नेत्रदान करवाने की निर्णय की सराहना की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
