लालसिंगी में करवाचौथ की धूम, महिलाओं को लगाई मेहंदी, गिफ्ट बांटे
सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं ने नृत्य और मेहंदी प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा, मेहंदी लगाने के लिए पहुंचे पेशेवर कारीगर, कार्यक्रम से रौनक
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
जिला मुख्यालय के साथ लगते लालसिंगी में सोमवार को करवा चौथ के उपलक्ष्य में महिलाओं के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक सतपाल रायजादा की धर्मपत्नी अंजना रायजादा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल गतिविधियों, नृत्य और मेहंदी प्रतियोगिताओं सहित कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। मेहंदी प्रतियोगिता भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रही।
इसकी विशेष बात यह रही कि महिलाओं को मेहंदी लगाने के लिए पेशेवर कारीगरों के साथ-साथ स्थानीय युवतियों को भी आमंत्रित किया गया था। पूर्व विधायक सतपाल रायजादा की धर्मपत्नी अंजना रायजादा ने कहा कि करवा चौथ का व्रत महिलाओं के लिए बेहद पवित्र और विशेष महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं सोलह श्रृंगार करके व्रत रखती हैं और पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाती हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को उनकी ओर से सोलह श्रृंगार भेंट किया गया, ताकि वे इस त्योहार को और भी खास तरीके से मना सकें। अंजना रायजादा ने कहा क ऐसे आयोजनों से महिलाओं को रोजमर्रा की दिनचर्या से बाहर निकलकर आपस में मिलने-जुलने, अपनी प्रतिभा दिखाने और खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं।
मेहंदी प्रतियोगिता ने खींचा सभी का ध्यान
अंब। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू की धर्मपत्नी किरण दीप की ओर से सोमवार को अंब के खेल मैदान में महिला सम्मान एवं करवा चौथ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से संबंधित आईपीएस अधिकारी आकृति शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं, एसडीएम आश्रय शर्मा (एचएएस) और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक की धर्मपत्नी ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।इस अवसर पर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और उनकी धर्मपत्नी किरण दीप ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों को शाल और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
