दो-दो बार हारे नेताओं को नहीं मिलेगा टिकट
कांग्रेस प्रभारी की दोटूक, सीएम हों या अध्यक्ष, कोई भी टिकट घोषित नहीं कर सकता
बोलीं, हर क्षेत्र में जाकर ढूंढे जाएंगे अच्छे उम्मीदवार, फिर हाईकमान करेगी फैसला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने साफ कर दिया है कि लगातार कई चुनाव हारने वाले नेताओं को टिकट नहीं मिलेगा और यह भी साफ कर दिया कि न तो मुख्यमंत्री और न ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किसी का टिकट घोषित कर सकते हैं। टिकट का फैसला हाईकमान ही करेगा। शुक्रवार को मंडी पहुंची रजनी पाटिल ने गांधी भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए साफ कर दिया कि जो नेता दो-दो और तीन-तीन बार हार रहे हैं, उन्हें टिकट नहीं दिया जाएगा। टिकट का फैसला जगह-जगह दौरे करके लोगों से पूछ कर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऐसे ही प्यार प्रेम में किसी को टिकट देने की बात कह दी हो, लेकिन अंतिम फैसला हाईकमान ही लेगी।
बता दें कि कांग्रेस प्रभारी ने जिस समय यह बात अपने संबोधन में कही, उस समय मंच पर ठीक उनके पीछे वे सब नेता मौजूद थे, जो पिछले दो या तीन चुनावों से लगातार हार रहे हैं। इनमें ठाकुर कौल सिंह, रंगीला राम राव, सोहन लाल और प्रकाश चौधरी शामिल है। कांग्रेस प्रभारी की इस दो टूक से इन नेताओं के चेहरें पर चिंता की लकीरें साफ देखी गई। मंडी की सांसद के बारे में उन्होंने कहा कि वह प्रियंका गांधी के खिलाफ कुछ भी बोलती रहती हैं, कभी कहती हैं कि वह मोरनी हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी मोरनी तो मंडी की सांसद कंगना रणौत हैं।
2027 विधानसभा चुनावों में फिर बनाएंगे सरकार
बिलासपुर — कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कमर कस कस ली है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से बूथ स्तर पर कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश में फिर से कांग्रेस सरकार बने। प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस पार्टी अपनी सरकार बनाएगी। यह बात बिलासपुर में जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कही। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का बिलासुपर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसमें आम जनता का भरपूर समर्थन भी उन्हें मिल रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
