विशेष

जंगल की दुनिया को कैमरे में कैद कर कमाएं नाम, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी में बनाएं शानदार करियर

By: Oct 6th, 2026 9:00 pm

जिन छात्रों को प्रकृति और जानवरों से प्यार है, उनके लिए वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी एक बेहतर करियर साबित हो सकता है। वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी ऐसी फील्ड है, जहां एक तरफ घने जंगलों के बीच खूंखार जानवरों को अपने कैमरे में कैद करने का रोमांच है, तो वहीं इस फील्ड में खतरे भी कम नहीं हैं। अगर आप में इसका पैशन और जुनून है, तो इस फील्ड में आप अपने करियर का सितारा चमका सकते हैं…

अगर आपको जंगल, पक्षियों और जंगली जानवरों को कैमरे में कैद करना पसंद है और आप वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी को करियर बनाना चाहते हैं, तो सिर्फ महंगा कैमरा खरीद लेना काफी नहीं है। इसके लिए जानवरों के व्यवहार को समझना, लगातार प्रैक्टिस करना और अपनी एक अलग पहचान बनाना जरूरी है। इंटरनेट के इस युग में हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में फोटोग्राफर ही है। आजकल हर व्यक्ति अपनी या दूसरों की फोटो व वीडियो बनाकर पोस्ट करता हैं। यूं तो फोटोग्राफी में हर व्यक्ति का इंटरस्ट होता है, लेकिन अगर आपको फोटोग्राफी के साथ प्रकृति के साथ जुड़े रहना पसंद है तो आप बतौर वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर अपना करियर बना सकते हैं। फोटोग्राफी का यह क्षेत्र बेहद अलग है और इस क्षेत्र में भविष्य देख रहे छात्रों को हरदम एक नए चैलेंज के लिए तैयार रहना होता है।

सबसे पहले समझें वन्यजीवों का व्यवहार

वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी में सबसे जरूरी चीज है जानवरों के व्यवहार को समझना। फोटोग्राफी शुरू करने से पहले पर्यावरण अध्ययन की पढ़ाई जरूरी है, ताकि वन्यजीवों के व्यवहार और उनके रहने के तरीके को बेहतर तरीके से समझ सकें। अगर आपको पता है कि कोई पक्षी या जानवर अगले कुछ मिनट में क्या करने वाला है, तो सही समय पर कैमरा चलाना आसान हो जाता है। इसके लिए जंगल में घंटों बैठकर जानवरों को देखना और उनके व्यवहार को समझना पड़ता है। वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी में कोई आपको हर चीज सिखा दे, ऐसा संभव नहीं है। खुद जंगल में समय बिताना और कैमरे की हर सेटिंग को समझना बहुत जरूरी है।

महंगा कैमरा नहीं, नजरिया ज्यादा जरूरी

वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी के लिए शुरुआत में लाखों रुपए का कैमरा खरीदना जरूरी नहीं है। अगर किसी खास लेंस की जरूरत है, तो उसे खरीदने के बजाय किराये पर लेकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे अलग-अलग लेंस को आजमाने का मौका मिलता है और पैसे भी बचते हैं। अच्छी तस्वीर सिर्फ महंगे कैमरे से नहीं, बल्कि फोटोग्राफर के नजरिए और कहानी कहने की क्षमता से बनती है।

सोशल मीडिया भी है जरूरी

वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी काफी महंगा क्षेत्र है। जंगल की सफारी, यात्रा, रहने और कैमरा-लेंस पर काफी पैसा खर्च होता है। ऐसे में सोशल मीडिया आपकी तस्वीरों को लोगों तक पहुंचाने के साथ कमाई का जरिया भी बन सकता है।

शुरुआत जंगल से नहीं, अपने आसपास से करें

वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी सीखने के लिए तुरंत किसी बड़े जंगल में जाना जरूरी नहीं है। अपने घर, मोहल्ले और शहर से इसकी शुरुआत की जा सकती है। अपने आसपास दिखने वाले पक्षियों, गिलहरी, नेवले, सियार या दूसरे छोटे वन्यजीवों की तस्वीरें लें। कोशिश करें कि सिर्फ फोटो लेने के बजाय उनके पीछे की कोई कहानी भी लोगों तक पहुंचाई जाए।

ऐसे करें शुरुआत

किसी भी फील्ड में करियर बनाने से पहले यह जरूर सुनिश्चित कर लीजिए कि क्या हम इस काम को अच्छे से कर सकते हैं या नहीं। आधे अधूरे मन से किया गया गया कोई भी काम सफल नहीं होता है। एक बेहतरीन वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी बनाने के लिए आपको बेसिक फोटोग्राफी सीखने की जानकारी होना बहुत जरूरी है। बेसिक फोटोग्राफी की जानकारी ही आपको एक सफल और प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर बना सकती है। आप वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी करने के लिए 12वीं पास करके बैचलर ऑफ फाइन आट्र्स का कोर्स करके वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी बन सकते हैं।

डिप्लोमा कोर्स भी है सही: कई छात्र 12वीं पास करने के बाद एक साल का डिप्लोमा कोर्स करके भी वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी में करियर बना सकते हैं। बैचलर के अपेक्षा डिप्लोमा कोर्स से आपके दो साल बच जाते हैं। हालांकि ज्ञान और जो चीज सीखने को बैचलर कोर्स में आपको मिलेगी वे एक डिप्लोमा कोर्स में कभी भी नहीं मिलेगी। इसलिए अधिकतर महिलाएं बैचलर कोर्स का ही चुनाव करती हैं।

इनका कर सकते हैं चुनाव

– सर्टिफिकेट कोर्स इन प्रोफेशनल फोटॉग्राफी
– डिप्लोमा इन वाइल्डलाइफ फोटॉग्राफी
– सर्टिफिकेट कोर्स इन फोटॉग्राफी
– पीजी डिप्लोमा इन फोटॉग्राफी
– डिप्लोमा इन डिजिटल फोटॉग्राफी
– बैचलर इन मास कम्युनिकेशन आदि

जरूरी स्किल्स

एक वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर बनने के लिए सबसे पहले आपके फोटोग्राफी स्किल्स बेहतर होने चाहिए, ताकि आप एक परफेक्ट क्लिक कर सके। इसके अतिरिक्त आपके अंदर बहुत अधिक धैर्य होना जरूरी है। दरअसल, कई बार एक बेहतरीन फोटो लेने के लिए आपको घंटों इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं आपको कम्प्यूटर भी आना चाहिए, ताकि आप अपनी खींची गई पिक्चर्स को एडिट करके एक परफेक्ट फोटो पेश कर सकें। इस क्षेत्र में केवल वहीं व्यक्ति टिक सकता है, जिसमें वन्यजीव और प्रकृति के प्रति प्रेम हो। एक वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर को काफी टैवल करना पड़ता है और कई-कई दिनों तक घर से दूर रहना पड़ता है। आपको इसके लिए शारीरिक व मानसिक रूप से तैयार होना चाहिए। इतना ही आपके कम्युनिकेशन स्किल भी उतने ही बेहतर होने चाहिए।

कम नहीं चुनौतियां

इस फील्ड में साहस और धैर्य की जरूरत होती है। यहां आने के बाद अपने मन-मुताबिक काम नहीं किया जा सकता। कई बार भयानक जंगल में रात में भी फोटोग्राफी करनी पड़ती है। इस क्षेत्र में सबसे बड़ी चुनौती खुद को अपडेट रखने की होती है। साथ ही फोटोग्राफी के नए-नए टूल्स और लेंसों से खुद को अवेयर रखने की जरूरत होती है। फोटो कैप्चर करने के लिए सही एंगल का चुनाव बेहद जरूरी है। अच्छी फोटो के लिए इंतजार भी इस फील्ड में नाम कमाने का एक हिस्सा है।

करियर विकल्प

पिछले कुछ समय में इस क्षेत्र में संभावनाओं में भी विकास हुआ है। एक वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर विभिन्न पब्लिकेशन हाउसेज जैसे न्यूजपेपर या ट्रैवल मैग्जीन में जॉब कर सकता है या उनके लिए पार्टटाइम वर्क कर सकता है। इसके अतिरिक्त वाइल्डलाइफ एनजीओ के साथ भी जॉब की जा सकती हैं। अगर आप कहीं पर जॉब नहीं करना चाहते तो आप अपने काम को वेबसाइट, सोशल मीडिया, आर्ट गैलरी के जरिए भी मार्केट में सेल कर सकते हैं। इससे आप मनचाहा दाम प्राप्त कर सकते हैं।

सैलरी पैकेज

अभी तक यह फील्ड हमारे देश में ज्यादा फेमस नहीं था, तो कमाई के साधन भी सीमित थे, लेकिन ग्लोबलाइजेशन के बाद अब इस क्षेत्र में अच्छा पैसा कमाया जा सकता है। किसी संस्थान से जुडऩे पर आप आसानी से पांच-आठ लाख रुपए कमा सकते हैं। इसके अलावा कुछ सीनियर फोटोग्राफर्स भी अपने असिस्टेंट रखते हैं, जो काम सिखाने के साथ पैसे भी देते हैं। इस क्षेत्र में काम कर रहे व्यक्ति की आमदनी इस बात पर निर्भर करती हैं कि वह किसके लिए काम कर रहा है। शुरुआत में आपकी आमदनी कम हो सकती है, लेकिन जैसे-जैसे आपके काम को पहचान मिलती जाती है, आपकी आमदनी में भी इजाफा होता जाता है। शुरुआत में आपकी आमदनी मासिक 20 से 25 हजार तक हो सकती है, लेकिन धीरे-धीरे अनुभव के बाद आप लाखों में कमा सकते हैं। वैसे इस क्षेत्र में फ्रीलांसर अधिक कमाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App