ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
रेलवे स्टेशन ऊना पर खून से लथपथ मिली लाश, सूचना मिलते ही पहुंची रेलवे पुलिस
स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
रेलवे स्टेशन ऊना पर रेल की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है। शुक्रवार की सुबह उसका शव प्लेटफार्म नंबर-1 पर रेलवे ट्रैक के पास खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के शवगृह में रखवा दिया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ युवक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह रेलवे पुलिस चौकी ऊना को रेलवे ट्रैक के पास शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक बृहस्पतिवार रात दिल्ली जाने वाली हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन से उतरते समय उसकी चपेट में आ गया होगा।
हालांकि, युवक ट्रेन से उतरते समय हादसे का शिकार हुआ या घटना के पीछे कोई अन्य कारण रहा, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मृतक ने पीले रंग की हुडी पहन रखी थी। पुलिस ने उसकी तलाशी ली, लेकिन जेब से कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पहचान सुनिश्चित होने तक शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के शवगृह में रखा जाएगा। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, रेलवे पुलिस चौकी ऊना के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले को लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। मृतक युवक की पहचान करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा युवक के ट्रेन की चपेट में आने के कारणों व परिस्थितियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। जांच की जा रही है।
गगरेट में स्कूटी से 12 बोतल देशी शराब बरामद
ऊना। पुलिस थाना गगरेट की टीम ने शिवबाड़ी मेला ग्राउंड के पास नाकाबंदी के दौरान एक स्कूटी से 12 बोतल देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस संबंध में नंगल जरियालां निवासी 68 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर की शाम पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और यातायात जांच कर रहे थे। इसी दौरान शिवबाड़ी मेला ग्राउंड के पास एक स्कूटी शिवबाड़ी की ओर से अंबोटा की तरफ आती दिखाई दी। स्कूटी के आगे एक गत्ते की पेटी रखी हुई थी। पुलिस को पेटी में संदिग्ध वस्तु होने का शक हुआ, जिसके बाद स्कूटी को रोककर जांच की गई। पुलिस ने गत्ते की पेटी खोलकर तलाशी ली तो उसमें देसी शराब मार्का वीआरवी संतरा की 750 मिलीलीटर क्षमता वाली 12 बोतलें बरामद हुईं। शराब की कुल मात्रा नौ लीटर पाई गई। पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत प्राथमिकी संख्या 113/2026 दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एसपी सचिन हिरेमठ ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
