मिनर्वा के खिलाडिय़ों ने एथलेटिक्स में गाड़े सफलता के झंडे, झटका दूसरा स्थान

By: Oct 24th, 2026 12:54 am

होनहारों ने जिला एथलेटिक्स में जमाई धाक; रनरअप ट्रॉफी पर किया कब्जा, तीन खिलाड़ी राज्य स्तर के लिए चयनित

स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
बिलासपुर में आयोजित अंडर-19 जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 20 से 22 अक्तूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में स्कूल ने ओवरऑल जिला द्वितीय चैंपियन ट्रॉफी हासिल कर रनर-अप का खिताब अपने नाम किया। खिलाडिय़ों ने विभिन्न स्पर्धाओं में कुल पांच स्वर्ण, दो रजत और आठ कांस्य पदक जीतकर स्कूल का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के साथ ही स्कूल के तीन खिलाडिय़ों का चयन राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। प्रतियोगिता में सूर्यांश चंदेल ने ट्रिपल जंप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, 400 मीटर रिले रेस में अरमान शर्मा, साहिल ठाकुर, आयुष शर्मा और सूर्यांश चंदेल की टीम ने बेहतरीन तालमेल और तेज रफ्तार का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा साहिल ठाकुर ने 100 मीटर रेस में कांस्य पदक, आयुष शर्मा ने 200 मीटर रेस में कांस्य पदक, साहिल ने लम्बी कूद में कांस्य पदक, ट्रिपल जंप में कार्तिक ठाकुर ने कांस्य पदक, शॉट पुट में आदित्य मोहन ने रजत पदक जीतकर स्कूल की पदक तालिका में योगदान दिया।

खिलाडिय़ों की मेहनत और अनुशासन को दिया श्रेय

स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल ने खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिला स्तर पर रनर-अप ट्रॉफी हासिल करना पूरे स्कूल के लिए गर्व की बात है। यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और शारीरिक शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने चयनित खिलाडिय़ों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें इसी मेहनत और लगन के साथ आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और जिला बिलासपुर का नाम रोशन करेंगे।

तीन खिलाड़ी करेंगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर का प्रतिनिधित्व
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिनर्वा स्कूल के तीन खिलाडिय़ों का चयन राज्य स्तरीय एथलेटिक्स मीट के लिए हुआ है। इनमें ट्रिपल जंप में सूर्यांश चंदेल, गोला फेंक में आदित्य मोहन और भाला फेंक में शिवांग ठाकुर शामिल हैं। ये खिलाड़ी 26 से 28 अक्तूबर तक राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App