पांवटा अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डाक्टर से बदसलूकी

By: Oct 17th, 2026 12:55 am

डॉक्टरों ने एसडीएम से मिलकर उठाया सुरक्षा का मुद्दा, अभद्र व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में बुधवार देर रात आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर के साथ मरीज के तीमारदारों द्वारा अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों में रोष है। डॉक्टरों ने शुक्रवार को एसडीएम पांवटा साहिब से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे आपातकालीन सेवा में तैनात डॉक्टर अपना कर्तव्य निभा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मरीज के साथ आए तीमारदारों ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। डॉक्टर ने इसकी सूचना तुरंत पांवटा पुलिस को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घटना के बाद शुक्रवार को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के डॉक्टर एकजुट होकर एसडीएम से मिले। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से ड्यूटी करना मुश्किल हो रहा है। डॉक्टरों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और डॉक्टरों के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने डॉक्टरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। डॉक्टरों का कहना है कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो वे कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App