रिज से शुरू हुई एमटीबी शिमला की हेरिटेज राइड
20 शहरों के 100 से अधिक साइकिलिस्ट दिखाएंगे दमखम, 11 से 68 वर्ष तक के राइडर्स लेंगे हिस्सा
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से शुक्रवार को 13वीं एमटीबी शिमला 2026 हेरिटेज राइड का आगाज हुआ। हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव केके पंत ने हरी झंडी दिखाकर राइडर्स को रवाना किया। हार्टेक्स द्वारा पावर्ड इस प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 अक्तूबर तक किया जा रहा है। इसमें देश के 20 शहरों के 100 से अधिक साइकिलिस्ट विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 11 वर्षीय कारिक शर्मा सबसे युवा और 68 वर्षीय महेश्वर दत्त सबसे वरिष्ठ राइडर हैं। मुख्य सचिव केके पंत ने माउंटेन बाइकिंग को बढ़ावा देने के लिए हास्टपा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सॉफ्ट एडवेंचर गतिविधियों के लिए आदर्श गंतव्य है। साइकिलिंग और माउंटेन बाइकिंग प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल हैं। इनके माध्यम से पर्यटक हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देख सकते हैं। प्रतियोगिता अपने पारंपरिक क्रॉस कंट्री मैराथन प्रारूप में लौट आई है। इसमें एक प्रोलॉग और दो समयबद्ध चरणों के दौरान राइडर्स को करीब 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। इस दौरान लगभग 3,800 मीटर की चढ़ाई चुनौती बनेगी। रूट का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा ऑफ-रोड है।
इसमें जंगल के रास्ते, सिंगलट्रैक, जीप रोड और नालों को पार करने जैसे चुनौतीपूर्ण हिस्से शामिल हैं। पहली बार प्रतियोगिता में ग्रेवल बाइक को भी अनुमति दी गई है। पहला चरण 24 अक्टूबर को सुबह नौ बजे कुफरी वन्यजीव अभयारण्य से शुरू होगा। ‘द फ्लाइट ऑफ द फेजेंट’ नाम के इस चरण में राइडर्स 55 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 1,780 मीटर की चढ़ाई चढ़ेंगे। दूसरा चरण 25 अक्टूबर को होगा। ‘द सीडर रीथ’ में 48 किलोमीटर का सफर और 1,280 मीटर की चढ़ाई शामिल है। प्रतियोगिता में शिमला, जयपुर, बेंगलुरु, दिल्ली, लेह और गुवाहाटी सहित विभिन्न शहरों के राइडर्स भाग ले रहे हैं। अंडर-16, अंडर-19, ओपन, मास्टर्स और ग्रैंडमास्टर्स श्रेणियों में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता की छह श्रेणियों में कुल आठ लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। सुरक्षित साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए ‘पार्टनर्स फॉर सेफ राइडिंग’ पहल के तहत राइडर्स को हेलमेट के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया जाएगा। आयोजन हिमाचल पर्यटन के सहयोग से किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
