कुल्लू में एनसीसी एयर विंग को नई उड़ान, CM सुक्खू ने भुंतर हवाई अड्डे पर किया एनसीसी हैंगर का उद्घाटन

By: Oct 27th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — कुल्लू

कुल्लू जिला स्थित भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित एनसीसी हैंगर का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एनसीसी की एयर विंग के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस सुविधा से प्रदेश के युवाओं को विमानन प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि नया एनसीसी हैंगर क्षेत्र में विमानन प्रशिक्षण के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे एयर एनसीसी कैडेट्स को विमानन क्षेत्र से संबंधित व्यावहारिक जानकारी सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण और उड़ान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा विकसित करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा प्रदेश के युवाओं को भविष्य में कुशल पायलट, जिम्मेदार नागरिक और नेतृत्व क्षमता से संपन्न व्यक्तित्व के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम साबित होगी। उन्होंने कहा कि भुंतर एयरपोर्ट पर एनसीसी के फ्लाइंग नोड और प्रशिक्षण गतिविधियों का सक्रिय होना हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं को भारतीय वायुसेना और सिविल एविएशन में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा। इससे पूर्व हैंगर के उद्घाटन अवसर पर विमान के हैंगर की ओर बढऩे के दौरान वाटर कैनन सैल्यूट के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, एपीएमसी के अध्यक्ष रामसिंह मियां, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय शिमला के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह, एनसीसी के अधिकारी व कैडेट्स उपस्थित रहे।

एनसीसी कैडेट्स के हुनर की प्रदर्शनी

एनसीसी कैडेट्स ने स्थिर एवं उड़ान योग्य विमान मॉडलों के साथ-साथ स्वयं द्वारा डिजाइन और विकसित ड्रोन का प्रदर्शन भी किया। इन प्रदर्शनों के माध्यम से कैडेट्स ने अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और विमानन क्षेत्र के प्रति बढ़ती रुचि का परिचय दिया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष महत्त्व रखती है, क्योंकि वर्ष 1972 में हिमाचल प्रदेश में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद पहली बार कुल्लू में इस प्रकार की समर्पित सुविधा स्थापित की गई है। दशकों से चली आ रही आधारभूत ढांचे की सीमाओं, प्रशासनिक जटिलताओं और विभिन्न परिचालन संबंधी चुनौतियों को दूर करते हुए इस सुविधा को साकार किया गया है। इससे प्रदेश के विशेषकर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उड़ान प्रशिक्षण के अवसरों के करीब लाने में सहायता मिलेगी। इससे पूर्व कुल्लू आगमन पर मुख्यमंत्री का लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने के संकेत

सीएम बोले; एक साल से प्रयास कर रहा, टलेंगे ग्रहदशा के चक्र

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — कुल्लू

कुल्लू दौरे पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने के संकेत देकर प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री ने अपने चुटीले अंदाज में कहा कि वह पिछले एक साल से सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कई बार ग्रह-दशा का चक्र ऐसा पड़ जाता है कि बात आगे नहीं बढ़ पाती। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब ग्रहदशा का चक्र भी टल जाएगा और जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा। मुख्यमंत्री के इस बयान को सुंदर ठाकुर की मंत्रिमंडल में संभावित एंट्री के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। गौर हो कि लंबे समय से विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की चर्चाएं चल रही हैं। अब सीएम के ताजा बयान ने इन अटकलों को फिर हवा दे दी है।

मुख्यमंत्री बोले, जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। उनके बयान से यह संकेत जरूर मिला है कि विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में जगह देने का मामला अभी विचाराधीन है, हालांकि उनके नाम पर अंतिम फैसला होना बाकी है। सुंदर सिंह ठाकुर कुल्लू विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना कुल्लू जिला की राजनीति के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है। अब सबकी निगाहें मुख्यमंत्री के अगले कदम पर टिकी हैं। मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख और इसमें किन विधायकों को जगह मिलेगी, इसका खुलासा आने वाले दिनों में हो सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App