एनआईटी के छात्र को 3.40 करोड़ का पैकेज, 2026-27 में अब तक 120 होनहार चयनित

By: Oct 22nd, 2026 9:42 pm

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 94.37 फीसदी प्लेसमेंट, 2026-27 में अब तक 120 होनहार चयनित

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— हमीरपुर

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कैंपस प्लेसमेंट में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस दौरान संस्थान का कुल प्लेसमेंट प्रतिशत 94.37 प्रतिशत रहा और विद्यार्थियों को औसतन 12 लाख रुपए वार्षिक वेतन पैकेज मिला। इस वर्ष की सबसे बड़ी उपलब्धि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग के ड्यूल डिग्री कार्यक्रम के एक विद्यार्थी आर्यन मित्तल को टेस्ला कंपनी द्वारा दिया गया 3.40 करोड़ का वार्षिक पैकेज रहा। वहीं, कम्प्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के एक विद्यार्थी को लिंक्डइन कंपनी से एक करोड़ रुपए का पैकेज मिला। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मेकेनिकल इंजीनियरिंग तथा मैटेरियल्स साइंस इंजीनियरिंग विभागों में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्ज किया गया।

गणित एवं वैज्ञानिक संगणना विभाग का प्लेसमेंट प्रतिशत 92.10 रहा। वहीं, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है और अब तक लगभग 120 विद्यार्थियों का चयन हो चुका है। एनआईटी हमीरपुर शोध और नवाचार के क्षेत्र में भी लगातार प्रगति कर रहा है। जनवरी, 2025 से जनवरी, 2026 के बीच संस्थान को लगभग 10.56 करोड़ की 15 प्रायोजित शोध परियोजनाएं स्वीकृत हुई। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में संस्थान ने शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी संगठनों और उद्योग जगत के साथ आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

एनआईटी हमीरपुर का 17वां दीक्षांत समारोह आज, 1265 मेधावियों को मिलेगी डिग्री

हमीरपुर। एनआईटी हमीरपुर का 17वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को होगा। इस समारोह में संस्थान के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डा. दिनेश कुमार असवाल समारोह के मुख्यातिथि होंगे। यह जानकारी संस्थान के डायरेक्टर प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने पत्रकार वार्ता में दी। इस मौके पर रजिस्ट्रार डा. अर्चना संतोष नानोटी व डीन अकेडमिक दत्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि समारोह में कुल 1,265 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 859 स्नातक डिग्रियां, 380 स्नातकोत्तर डिग्रियां, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार एक डिप्लोमा तथा 26 पीएचडी डिग्रियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए एक निदेशक पदक, 35 स्वर्ण पदक, 12 रजत पदक और 14 कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। छात्रों को ड्रेस कोड कुर्ता पायजामा, जबकि छात्राओं का सलवार-कुर्ता रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App