बिना सबसिडी 59 रुपए किलो मिलेगा जौई का बीज, 170 क्विंटल पहुंचा हमीरपुर

By: Oct 16th, 2026 12:55 am

कृषि विभाग ने ब्लॉक को भेजना शुरू किया बीज; जौई के बाद जल्द पहुंचेगा बरसीम का बीज, गेहूं की खेप का भी इंतजार
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
कृषि विभाग हमीरपुर के पास जौई का 170 क्विंटल बीज पहुंच गया है, जिसे ब्लॉकों को डिमांड के मुताबिक भेजा जा रहा है। जौई के बीज पर कोई भी सबसिडी प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को इस बार मुहैया नहीं करवाई गई है। किसानों को जौई का एक किलो बीज 59 रुपए किलो में खरीदना पड़ रहा है। चारे के बीज पर कोई भी सबसिडी न मिलने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें फुलरेट पर ही बीज खरीदना पड़ेगा। ऐसे में डेयरी फार्म इत्यादि का काम कर रहे किसानों को महंगे दामों पर जौई का बीज इस बार खरीदना पड़ेगा। कृषि विभाग के पास जौई का शेष बीज भी जल्द ही पहुंच जाएगा। हालांकि बरसीम और गेहूं का बीज भी जल्द ही हमीरपुर पहुंचने की उ मीद है।

बता दें कि कृषि विभाग हमीरपुर ने इस बार चारे के रूप में उगाए जाने वाले जौई व बरसीम का 732 क्विंटल बीज किसानों की डिमांड पर मंगवाया है। कृषि विभाग के पास सर्द मौसम के बीजों की खेप पहुंचना शुरू हो गई है। कृषि विभाग के पास जौई का 170 क्विंटल बीज पहली खेप में पहुंच गया है, जिसे ब्लॉकों को डिमांड के मुताबिक भेजा जा रहा है। जबकि बरसीम की 32 क्विंटल बीज की खेप मंगवाई गई है। वह भी दो-तीन दिनों के अंदर हमीरपुर पहुंचने की उम्मीद है। किसानों को जौई का एक किलो बीज 59 रुपए प्रति किलो के हिसाब से मुहैया करवाया जा रहा है। किसानों को पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर यह बीज मुहैया करवाया जा रहा है। ऐसे में किसान डिमांड के मुताबिक जौई का बीज खरीदने में लगे हुए हैं, ताकि समय पर बीज खरीदकर रखा जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App