ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उतरे लोग
डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन, एसआईआर पर रोक और पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में शुक्रवार को शिमला में विभिन्न जनवादी संगठनों ने डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाने और मतदाता सूची से हटाए गए सभी पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने निर्वाचन आयोग की संवैधानिक स्वायत्तता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। प्रदर्शन में सीटू, हिमाचल किसान सभा, एडवा, एसएफआई, डीवाईएफआई, दलित शोषण मुक्ति मंच, शिमला नागरिक सभा और हिमाचल लोक संस्कृति मंच सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। अमित कुमार, बालक राम, फाल्मा चौहान, विवेक कश्यप और पवन कुमार ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद सार्वभौमिक मताधिकार पर टिकी है।
प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और उसके मतदान के अधिकार की रक्षा करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। एसआईआर के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाना चाहिए। नाम हटाने की प्रक्रिया पारदर्शी और कानूनी होनी चाहिए तथा संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने और दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल करने और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता व स्वतंत्रता बनाए रखने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करते हुए चयन व्यवस्था बनाने की भी वकालत की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
