Punjab : पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाठ कनाडा में गिरफ्तार

By: Oct 24th, 2026 12:08 am

निजी संवाददाता— फिरोजपुर

जिला तरनतारन से संबंधित गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाठ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि बाठ को कनाडा में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी हलका विधायक हरमीत सिंह संधू ने पंजाब विधानसभा में सत्र के दूसरे दिन विधानसभा को संबोधित करते हुए दी। मियांपुर गांव निवासी अमृतपाल सिंह बाठ के खिलाफ हत्या, रंगदारी और नशीले पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी के कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वह पंजाब पुलिस से बचने के लिए फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से कनाडा भाग गया था। बाठ पर 14 जनवरी, 2024 को झबल के सरपंच मोनू चीमा की हत्या कराने का मुख्य आरोप है। इसके अलावा, गांव लालू घुम्मन के बुजुर्ग सरपंच की हत्या के मामले में भी उसका नाम शामिल था। हरमीत सिंह संधू ने विधानसभा में कहा कि अकाली दल द्वारा गैंगस्टरवाद को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी सियासी पार्टियों को चाहिए कि गैंगस्टरवाद के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ी जाए, ताकि पंजाब में माहौल शांत रह सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App