बल्ह के रेवती रमण एसजेवीएन में महाप्रबंधक

By: Oct 26th, 2026 11:19 pm

नगर संवाददाता — नेरचौक

मिनी पंजाब के नाम से विख्यात बल्ह घाटी के नलसर गांव से ताल्लुक रखने वाले मेधावी इंजीनियर रेवती रमण ने अपनी कड़ी मेहनत और तकनीकी दक्षता की बदौलत केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के अधीन नवरत्न उपक्रम एसजेवीएन में महाप्रबंधक का पद हासिल कर समूचे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा किया है। पदोन्नति के बाद प्रबंधन ने उन्हें हमीरपुर स्थित महत्त्वाकांक्षी धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना में महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के संस्थान में शीर्ष प्रशासनिक व तकनीकी ओहदे तक पहुंचने पर क्षेत्र भर में खुशी का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि इंजीनियर रेवती रमण के पास हाइड्रो प्रोजेक्ट्स के सिविल और स्ट्रक्चरल डिजाइन क्षेत्र में इक्कीस साल से अधिक का लंबा अनुभव है। उन्होंने भारत और पड़ोसी मुल्क नेपाल की प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं के डिजाइन, सुरंगों, बड़े बांधों तथा भूमिगत विद्युत गृहों की समीक्षा में अहम भूमिका निभाई है। नेपाल में तैनाती के दौरान भी उन्होंने कई जटिल तकनीकी चुनौतियों को हल करने में महारत साबित की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App