पाइपलाइन बिछते ही होगी सडक़ों की टायरिंग
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, समर हिल और तारादेवी में चल रहे कार्यों का कर चुके हैं निरीक्षण
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइनों के कारण लोगों को आवाजाही में हो रही परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो रहा है, वहां सडक़ की टायरिंग का काम तुरंत और साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके और सडक़ों पर आवाजाही सुगम हो। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में सतलुज जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (एसजेपीएनएल) की ओर से 24 घंटे पेयजल आपूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। विकास कार्यों के दौरान शुरुआती कठिनाइयां स्वाभाविक हैं, लेकिन नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सडक़ों की बहाली में अनावश्यक देरी न हो। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हाल ही में उन्होंने समर हिल और तारादेवी क्षेत्रों का दौरा कर पेयजल योजना के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लिया था। उन्होंने कहा कि वह आगे भी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे, ताकि अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का जमीनी स्तर पर सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके। मंत्री ने कहा कि सरकार शिमला सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और सडक़ों के उचित रखरखाव के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शहरवासियों से विकास कार्यों के दौरान सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील भी की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
