अब 90 हजार में होगी रोबोटिक सर्जरी, अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाणा में फीस दरें तय

By: Oct 27th, 2026 12:06 am

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाणा में रोबोटिक सर्जरी करवाना अब पहले के मुकाबले काफी महंगा हो गया है। संस्थान में रोबोटिक सर्जरी की फीस में एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के अनुसार अब जनरल वार्ड और प्राइवेट वार्ड, दोनों के मरीजों के लिए रोबोटिक सर्जरी का शुल्क 90 हजार रुपए तय किया गया है। शुरुआत में रोबोटिक सर्जरी की फीस 30 हजार रुपए निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर जनरल वार्ड के लिए 50 हजार रुपए कर दिया गया और प्राइवेट वार्ड के लिए 80 हजार रुपए शुल्क निर्धारित किया गया। अब नई दरों के तहत शुल्क 90 हजार रुपए पहुंच गया है। यानी शुरुआती शुल्क के मुकाबले मरीजों को अब तीन गुना राशि चुकानी होगी।

सबसे अहम बदलाव यह है कि अब जनरल और प्राइवेट वार्ड के लिए अलग-अलग शुल्क नहीं रहेगा। दोनों श्रेणियों के मरीजों को रोबोटिक सर्जरी के लिए 90 हजार रुपए देने होंगे। बता दें कि रोबोटिक सर्जरी से कई जटिल आपरेशन जैसे कि प्रोस्टेट, किडनी ट्यूमर व कैंसर से जुड़ी सर्जरी अब अधिक सटीक और कम दर्द के साथ की जा रही है। इस तकनीक से आपरेशन के बाद रिकवरी समय भी कम होता है और मरीज जल्दी स्वस्थ होकर घर लौट सकते हैं। डा. सुधीर शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक, चमियाणा अस्पताल ने बताया कि चमियाणा अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी की फीस 90 हजार रुपए कर दी गई है।

अब तक 320 से ज्यादा सफल रोबोटिक सर्जरी

चमियाणा अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग द्वारा अब तक 320 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं, और सभी मरीज पूरी तरह स्वस्थ हैं। खास बात यह है कि किसी भी मरीज में आपरेशन के बाद कोई जटिलता सामने नहीं आई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App