बंद करो एनएच पर डंपिंग, नहीं तो धरना

By: Oct 27th, 2026 12:02 am

राजपुर के खफा लोगों ने किया ऐलान, फोरलेन की मिट्टी से खतरे की जद में आए मकान

स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
राजपुर क्षेत्र में नेशनल हाइवे फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान सडक़ किनारे व नालों में मिट्टी और पत्थर डंप किए जाने को लेकर ग्रामीणों में रोष है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि आज मंगलवार तक नाले में डंपिंग बंद नहीं हुई तो वे आज मौके पर धरना देंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य से निकलने वाली भारी मात्रा में मिट्टी नाले में डाली जा रही है, जिससे आसपास के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के दौरान नाले में जमा मिट्टी और पत्थरों के बहाव से पहले ही तीन से चार मकानों को नुकसान पहुंच चुका है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि नेशनल हाइवे की सडक़ और नालों में इसी तरह मलबा डंप होता रहा तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस मामले को लेकर प्रधान सरवन ठाकुर, प्रधान महेंद्र सिंह तथा वार्ड सदस्य श्याम लाल और प्रकाश चंद ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फोरलेन अधिकारियों को पहले भी कई बार समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन हाइवे के नाले व सडक़ो में मिट्टी डालने का काम बंद नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने मांग की है कि नाले व सडक़ो को डंपिंग साइट के रूप में इस्तेमाल करने पर रोक लगाई जाए और वहां जमा मिट्टी व पत्थरों को हटाया जाए। स्थानीय प्रतिनिधियों के मुताबिक, सोमवार को फोरलेन अधिकारियों से दोबारा बातचीत कर समस्या से अवगत करवाया गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि मंगलवार तक डंपिंग बंद करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे एकजुट होकर मौके पर धरना देंगे। ग्रामीणों ने चेताया कि नाले में मलबा जमा होने से किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन और फोरलेन अधिकारियों से समय रहते कार्रवाई करने की मांग की हैए ताकि आसपास रहने वाले लोगों के मकानों और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App