शिक्षकों का फूटा गुस्सा, धर्मशाला में उपनिदेशक दफ्तर के बाहर धरना

By: Oct 22nd, 2026 12:02 am

पदोन्नति में देरी और लंबित वित्तीय लाभों को लेकर काले बिल्ले लगाकर विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा

स्टाफ रिपोर्टर-धर्मशाला
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कांगड़ा ने उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा धर्मशाला के कार्यालय की कार्यप्रणाली के खिलाफ बुधवार को काल्ले बिल्ले लगाकर धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांगड़ा के 23 शिक्षा खंडों से पहुंचे संघ के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष कुलदीप पठानिया के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए शिक्षकों की पदोन्नति में देरी, वित्तीय लाभ के मामलों को लंबित रखने और स्थानांतरण प्रक्रिया में कथित मनमानी पर रोष जताया। प्रदर्शन में प्रदेश राजकीय शिक्षक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय पीसी भी मौजूद रहे।

संघ ने आरोप लगाया कि केंद्र मुख्य शिक्षक के पदों पर पदोन्नति के लिए विभाग ने सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों से पात्र मुख्य शिक्षकों के दस्तावेज मांगे थे, लेकिन 73 दिन बीत जाने के बाद भी विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक नहीं हो पाई है। जिले में केंद्र मुख्य शिक्षक के 60 से अधिक पद रिक्त हैं। संघ के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने बताया कि जिले में मुख्य शिक्षक के भी 120 से अधिक पद खाली पड़े हैं, और जेबीटी शिक्षकों की मुख्य शिक्षक के पद पर पदोन्नति नहीं हुई है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक बलविंद्र सिंह गुलेरिया ने कहा कि उनका शेड्यूल इन दिनों काफी व्यस्त चल रहा है। इसके बावजूद उन्होंने शिक्षक संगठन को वार्ता के लिए समय दिया था और उन्हें कार्यालय में आकर अपनी बात रखने का अवसर भी दिया गया था। ऐसे में निर्धारित दिन पर वह अन्य विभागीय कार्यों और स्कूलों से संबंधित आदेशों के पालन में व्यस्त रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App