नशा तस्करोंं का पूरा नेटवर्क तोडऩा होगा
शिमला पुलिस की बैठक में एसएसपी गौरव सिंह ने दिए आदेश
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस कार्रवाई तेज करेगी। एसएसपी गौरव सिंह की अध्यक्षता में 21 अक्टूबर को आयोजित मासिक अपराध एवं कल्याण बैठक में गंभीर अपराधों की जांच में तेजी लाने और लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले के सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में अपराध के रुझानों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। एसएसपी ने नशा तस्करी के मामलों में केवल छोटी खेप के साथ पकड़े जाने वाले आरोपियों तक सीमित न रहने, बल्कि सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। तस्करी में संलिप्त आरोपियों की अवैध संपत्तियां जब्त करने, निवारक निरोध और अवैध अतिक्रमण के मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस बल में अनुशासन बनाए रखने के लिए नियमित परेड, ड्रिल और उचित टर्नआउट सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में पुलिस कर्मियों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने अधिकारियों को आम जनता को बेहतर सेवाएं देने और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
पटाखों की अवैध बिक्री पर रहेगी नजर
त्योहारी सीजन के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और खरीद-फरोख्त करने वालों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
चोरी और सेंधमारी रोकने के लिए बढ़ेगी गश्त
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी व सेंधमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
