Karamchari News : सरकार डीए के साथ पेंडिंग एरियर का जल्द करे भुगतान

By: Oct 23rd, 2026 10:58 pm

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) देने के फैसले का स्वागत करते हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पूर्व प्रांत महामंत्री डा. मामराज पुंडीर ने सरकार से सवाल किया है कि जब डीए देने का निर्णय लिया गया है, तो कर्मचारियों के वर्षों से लंबित एरियर के भुगतान पर सरकार मौन क्यों है।

उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते की घोषणा से कर्मचारियों को राहत जरूर मिली है, लेकिन असली राहत तभी मिलेगी, जब उनके खाते में बकाया राशि पहुंचेगी। डा. पुंडीर ने कहा कि घोषित पांच प्रतिशत डीए में जुलाई 2023 से देय एक प्रतिशत और जनवरी 2024 से देय चार प्रतिशत महंगाई भत्ता शामिल है। इसके बावजूद इसके एरियर के भुगतान के आदेश बाद में जारी करने की बात कही जा रही है।

सवाल पूछा

पुंडीर ने सवाल उठाया कि कर्मचारियों को उनके वित्तीय लाभों के लिए आखिर कब तक इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 के वेतन आयोग का एरियर अब तक लंबित है। पुंडीर ने सरकार से मांग की कि लंबित एरियर और महंगाई भत्ते की सभी किस्तों को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App