हल्दी से किया कमाल, अदरक से मालामाल

By: Oct 27th, 2026 12:01 am

कुठेड़ा का किसान बना मिसाल, प्राकृतिक खेती और कड़ी मेहनत से बदल दी तकदीर

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
खेती में लगातार बढ़ती लागत, जंगली जानवरों और बंदरों की समस्या के चलते जहां कई किसान खेती से मुंह मोड़ रहे हैं। वहीं ग्राम पंचायत कुठेड़ा मरहाणा के गांव कुठेड़ा निवासी किशोर कुमार ने अपनी मेहनत और सोच से एक नई राह दिखाई है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को अपनाकर अपनी आर्थिकी मजबूत की है। साथ ही युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं। जानकारी के अनुसार किशोर कुमार परंपरागत खेती से हटकर प्राकृतिक खेती को अपनाने वाले किशोर कुमार आज पांच बीघा जमीन पर दालों, हल्दी और अदरक जैसी फसलों की खेती कर रहे हैं। जिसकी उन्हें बेहतर पैदावार हो रही है। उनका दावा है कि इन फसलों से वह हर सीजन करीब 80 हजार रुपए की कमाई कर रहे हैं।

किशोर कुमार ने करीब छह साल पहले रासायनिक खाद से दूरी बनाकर प्राकृतिक खेती की ओर कदम बढ़ाया। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी खेती का तरीका बदला और ऐसी फसलों पर ध्यान केंद्रित किया, जिनसे कम लागत में बेहतर आमदनी हासिल की जा सके। दालों के साथ हल्दी और अदरक की खेती उनके लिए आय के बेहतर विकल्प बनकर उभरी है। पहाड़ी क्षेत्रों में बंदरों और जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाना किसानों के लिए बड़ी चुनौती है। किशोर कुमार के अनुसार, प्राकृतिक खेती के इस तरीके को अपनाने से उन्हें फसलों की उजाड़ से राहत मिली है। इससे न केवल उनकी मेहनत बच रही है, बल्कि खेती के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को लेकर युवाओं को भी आगे आना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App